
संवाददाता राहुल मिश्रा
निचलौल थाना क्षेत्र के झूलनीपुर गांव में अराजक तत्वों ने नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की मूर्ति को खंडित कर दिया। इस घटना से गांव में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस कृत्य से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। साथ ही गांव में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
निचलौल थाना प्रभारी ने बताया कि मूर्ति के टूटने के बाद नई मूर्ति के लिए आदेश दे दिया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।